कटनी खबर digital News— जिले के विकासखंड मुड़वारा अंतर्गत ग्राम कन्हवारा वार्ड क्रमांक 13–14 की करूहा सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। वर्षों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आमजन का आवागमन बेहद कठिन हो गया है, वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के चलते आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।इस गंभीर समस्या को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं युवा कार्यकर्ता जिला पंचायत सीईओ कार्यालय पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक माह के भीतर सड़क निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान अंशु मिश्रा ने कहा कि चुनावों में झूठे वादे कर सत्ता में आई भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है। पूरे जिले की सड़कें बदहाल हैं और जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर कार्यालय तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।सड़क निर्माण के संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल और मुड़वारा विधायक संदीप जैसवाल को भी त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए पत्र प्रेषित किया गया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कांग्रेस के पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष विजय पटेल, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इजराइल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, मुड़वारा विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल पांडे एवं आनंद पटेल, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटिक, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, पूर्व पार्षद राहुल पटेरिया, एडवोकेट मुकेश पाटकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रीय महिलाएं, बुजुर्ग, युवा एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
कन्हवारा की बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, युवा कांग्रेस ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन
सम्बंधित ख़बरें


