Tuesday, November 3, 2026
HomeUncategorizedडिंडौरी में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा: पुलिस परेड मैदान में कलेक्टर अंजू...

डिंडौरी में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा: पुलिस परेड मैदान में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किया ध्वजारोहण

डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ आजादी की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर आज पूरा डिंडौरी जिला देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह डिंडौरी स्थित पुलिस परेड मैदान में पूरी आन-बान-शान, गरिमा और अपार उत्साह के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और जिलेवासियों को इस राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक बधाई दी।

​तिरंगे को दी सलामी, गगन में उड़े तीन रंगों के गुब्बारे

समारोह की शुरुआत में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया।
​राष्ट्रगान की गूंज और पुलिस बैंड की देशभक्ति धुन के बीच कलेक्टर और एसपी ने हवा में तिरंगे के रंगों से सजे गुब्बारे छोड़े। विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), होमगार्ड और एनसीसी के कैडेट्स ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।

​देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्कूली बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे मैदान में देशभक्ति का अलख जगा दिया:
​सांस्कृतिक नृत्य: सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य आवासीय विद्यालय और कस्तूरबा कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति नृत्यों की प्रस्तुति दी।

​विजेताओं का सम्मान:

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ​उत्कृष्ट सेवा सम्मान: जिले में जनकल्याणकारी कार्यों और शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

​समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा ही सच्चा राष्ट्रधर्म: कलेक्टर

अपने संबोधन में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा, “हमारा मूल कर्तव्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाकर ही हम अपने जिले और देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जा सकते हैं।”

​समारोह में गरिमामयी उपस्थिति

इस पावन अवसर पर विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, श्री नरेन्द्र राजपूत, श्री पंकज सिंह तेकाम, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह सहित जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट