उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अगले महीने से चुनावी अखाड़े में उतरने जा रहे हैं। शीर्ष नेताओं के सघन दौरों के साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता तक अपनी उपलब्धियां पहुंचाने के लिए एक नया ब्लूंसप्रिंट तैयार किया गया है।
मथुरा की बैठक में तय हुआ रोडमैप
मथुरा में आयोजित दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में पार्टी के 54 प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में आगामी चुनाव के प्रचार अभियान और सांगठनिक रणनीतियों पर विस्तार से मंथन किया गया। पार्टी का मुख्य फोकस तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने के साथ उन सीटों पर पकड़ मजबूत करना है जहां पिछले चुनावों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा था। बूथ सम्मेलनों और शक्ति केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
मंत्रियों को जिम्मेदारी और फीडबैक प्रक्रिया
राज्य सरकार के सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की कमान सौंपी गई है, जहां वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलकर सरकार और संगठन का फीडबैक लेंगे। इस फीडबैक के आधार पर ही आगामी उम्मीदवारी और टिकट बंटवारे पर मुहर लगेगी। इसके अलावा सभी छह क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका समापन लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी की विशाल रैली के साथ होने की संभावना है।
यूट्यूबर और इंफ्लुएंसर्स की मदद
इस बार चुनाव प्रचार में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने की तैयारी है। पार्टी हर जिले में यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की पहचान करेगी। सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए इन कंटेंट क्रिएटर्स की सहायता ली जाएगी, ताकि डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके।









