Yogi Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगा दी गई है। इस बैठक में शिक्षा जगत से लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिससे लाखों कर्मचारियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
शिक्षामित्रों की बल्ले-बल्ले
कैबिनेट ने प्रदेश शिक्षा तंत्र की रीढ़ माने जाने वाले शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को बड़ी राहत दी है। शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18,000 रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय 17,000 रुपये कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी, जिसका भुगतान मई के वेतन के साथ होगा। इस फैसले से प्रदेश के 1.42 लाख से अधिक शिक्षामित्रों और लगभग 25 हजार अनुदेशकों को फायदा होगा। सरकार पर इसका 217 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
25 लाख नए टैबलेट की खरीद
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत योगी सरकार ने युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए 25 लाख नए टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बता दें कि सरकार अब तक 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित कर चुकी है।
बस अड्डों का होगा कायाकल्प
उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी है। पीपीपी (PPP) मॉडल पर प्रदेश के 49 नए आधुनिक बस अड्डों के निर्माण को हरी झंडी दी गई है। अब कुल 52 जनपदों को कवर किया जाएगा, जहाँ बस अड्डों को एयरपोर्ट की तर्ज पर हाई-टेक बनाया जाएगा। हाथरस (सिकंदराराऊ), बुलंदशहर (डिबाई) और बलरामपुर (तुलसीपुर) में बस अड्डों के लिए विभागों की जमीन हस्तांतरित करने के प्रस्ताव भी पास हुए हैं।
डॉ. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना को हरी झंडी
इसके अलावा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती से पहले सरकार ने उनके सम्मान में बड़ी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत महापुरुषों की मूर्तियों और स्थलों के विकास के लिए 403 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र के लिए 1 करोड़ रुपये आवंटित होंगे। हर स्थल के सुंदरीकरण पर लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही गोरखपुर में नए वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।


