इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ इंदौर स्थित एमपीपीएससी परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसको लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निरीक्षण किया, उन्होंने विकास का प्लान साझा करते हुए कहा कि परिसर को बेहद ही आकर्षक बनाया जाएगा, क्योंकि यह काम शहर का गौरव बढ़ाने वाला होगा। जिस संस्था से प्रदेश के अफसर निकलते हैं, उसको और भी सुंदर बनाया जाना चाहिए। वहीं महापौर ने बताया कि सौंदर्यीकरण के दौरान सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा।
शहर की पहचान MPPSC
इंदौर में एमपीपीएससी का दफ्तर होने से शहर को एक और अलग पहचान मिली। इसीलिये इसके कार्यालय, चौराहे और आसपास के पूरे क्षेत्र को आकर्षक बनाने काम किया जाएगा। यातायात व्यवस्था के लिए नया प्लान तैयार होगा और इसके लिए उन्होंने नगर निगम और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
‘प्रशासनिक अभ्यर्थियों का पहला अनुभव बिंदु’
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि इंदौर आने वाले अभ्यर्थियों को शहर की स्वच्छता, सुव्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का अनुभव होना चाहिए। यह क्षेत्र प्रशासनिक अभ्यर्थियों के लिए पहला अनुभव बिंदु है, इसलिए इसका स्वरूप इंदौर की छवि के अनुरूप होना चाहिए। वहीं इस मौके पर लोक सेवा आयोग के चेयरमैन प्रदीप लाल मेहरा, राखी सहाय, नगर निगम के अपर आयुक्त अर्थ जैन, यातायात विभाग के प्रभारी अश्विनी जनवदे और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।


