सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहवान पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके पीछे उद्देश्य है कि भारतीय नागरिकों और देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी बिक्री के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करना। इसी कड़ी में निगमायुक्त राजकुमार खत्री अपनी धर्मपत्नी और बच्चों सहित कटरा बाजार में दीपावली की खरीदी करने पहुंचे। उन्होंने कटरा में फुटपाथ पर दुकान लगाए स्थानीय महिला से मिट्टी के हस्तनिर्मित दीपक, माला आदि खरीदे। बच्चों ने सुंदर रंगों से सजे मिट्टी के गुल्लक खरीदे। निगमायुक्त ने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर विक्रेताओं से संवाद भी किया और स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री करने हेतु उन्हें प्रोत्साहित भी किया।
भारतीय संस्कृति में त्यौहारों की अद्वितीय भूमिका: निगमायुक्त
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्यौहारों उत्सवों आदि का बड़ा महत्व है, जहां एक ओर त्यौहार, उत्सव रहवासियों में आपसी मेलमिलाप और अपनत्व को बढ़ाते हुए सांस्कृतिक विकास में अद्वितीय भूमिका निभाते हैं, वहीं दूसरी ओर ये उत्सव व्यापारिक गतिविधियों को फलने फूलने का अवसर प्रदान कर आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण रूप से सहयोगी हैं। त्योहारों का समय निकट आते ही प्रत्येक छोटे से छोटे स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर उत्साह और सकारात्मक आसा की चमक दिखाई देने लगती है। मजदूरों, कारीगरों की महीनों की मेहनत का परिणाम उनके उत्पाद की बिक्री के रूप में मिलता है। इसीलिये सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के तहत छोटे हस्तशिल्पियों, कारीगरों एवं उद्यमियों के उत्पादों को खरीदकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है।
शहर का कटरा बाजार स्वदेशी का गढ़
त्योहारों के दौरान कटरा का अनूठा बाजार किसी मेले से कम नही, यहां स्वदेशी उत्पादों को बेचने के लिए सैकड़ों लोग आए हुए हैं। जिसको लेकर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार हर जिले में स्वदेशी मेलों का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में हमारे शहर का कटरा बाजार किसी मेले से कम नहीं है, त्योहारों के दौरान तो हमेशा ही यहां का नजारा अद्भुत होता है। इसीलिये दुकानदारों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, सभी दुकानदारों को रोड पर मार्क पीली लाईन के अंदर व्यवस्थित दुकान लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कटरा के व्यापारियों द्वारा स्वदेशी उत्पादों की बिक्री की जाएं व नागरिकों द्वारा स्वदेशी को अपनाने से स्थानीय संस्कृति एवं कला को बढ़ावा मिलेगा।


