दमोह/वैभव नायक/खबर डिजिटल/ दमोह जिला एक बार फिर पशुवध की घटनाओं को लेकर चर्चाओं में आ गया है। इस बार मामला भैंस के पाड़े को अवैध रूप से काटे जाने और गौ रक्षकों पर हमले का है। घटना के बाद लोगों के बीच आक्रोश और तनाव के हालात बन गए, जिसके चलते पुलिस को स्थितियां संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। भारी विरोध और लोगों के आक्रोश के बीच कोतवाली थाना पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कर ली है, और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है। जानकारी अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि कोतवाली थाना क्षेत्र के कुरैश मंडी क्षेत्र के एक घर में गौवंश काटा जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक कमरे में उन्हें एक भैंस का पाड़ा कटा हुआ मिला, जिसके अवशेष भी वहां पर पड़े हुए थे।
स्थानीय लोगों ने किया विवाद और हमला
पुलिस कार्रवाई के बीच वहां पर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग और गौ रक्षक भी पहुंच गए, और मामले के संबंध में जानकारी लेने लगे। इसी दौरान घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों से उनका विवाद शुरू हो गया और विवाद के बीच स्थानीय लोगों ने गौ रक्षकों पर हमला कर दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम में पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद आक्रोशित गौ-रक्षक और हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग वहां से वापस चले गए।
घटनाओं के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन का दौर
इस पूरे घटनाक्रम के चलते लोगों में आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई और सबसे पहले लोगों ने नगर के पुराना थाना क्षेत्र में धरना देकर विरोध शुरू कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल ही मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे पहुंचे और उनके द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर जाम हटाने की अपील कर लोगों को हटाया गया। इसके बाद मारपीट का शिकार हुए लोगों के साथ अन्य लोग घटना पर विरोध जताने के लिए स्थानीय दुकानदारों से दुकान बंद करने की अपील करते हुए घंटाघर की ओर रवाना हुए, जहां पर उनके साथ अन्य सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए और पुनः घंटाघर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। हालातों के चलते मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक बार फिर सभी को समझाइश देते हुए ऐसी घटनाओं से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी लोग कोतवाली की ओर रवाना हुए।
कोतवाली में दर्ज हुए दो मामले
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कर ली है, पहले फिर किए गए पशु हत्या को लेकर है, और दूसरी फिर संगठित रूप से किए गए हमले को लेकर है, जहां पहले मामले में दो आरोपी होने की बात सामने आ रही है, वहीं मारपीट और हमले से जुड़ी घटना पर 8 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
पैदल मार्च के साथ गिरफ्तारियां का दौर
हालात सामान्य होने के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की और आगे भी स्थितियों को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित कोतवाली थाना, देहात थाना, पथरिया थाना, बटियागढ़ थाना, तेंदूखेड़ा थाना, नोहटा थाना, देहात थाना, हटा थाना सहित अन्य जिलों के पुलिस बल को बुलाते हुए पैदल मार्च निकाला गया, जो कुरैश मंडी सहित चमन चौराहा गढ़ी मोहल्ला होते हुए पुनः कोतवाली पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने की हिदायत देते हुए किसी भी आपराधिक घटनाक्रम में शामिल न होने की अपील की। वहीं देर रात पुलिस आरोपियों के संदिग्ध स्थानों पर गिरफ्तारी के लिए दबिश देती रही। सामने आई जानकारी अनुसार अभी तक पुलिस ने इन मामलों में साहिल कुरेशी, फैजान कुरैशी, राजा बाबू कुरैशी, छोटा कल्लू, मुरसलीम कुरैशी, समीर कुरैशी को गिरफ्तार किया है।
अपराधियों के अवैध निर्माणों पर हो सकती है कार्यवाही
इस पूरे मामले के बाद पुलिस अधीक्षक स्रोत कीर्ति सोमवंशी ने मौके पर एसडीएम और नगर पालिका सीएमओ के साथ एक बैठक के बाद शातिर अपराधियों के अवैध निर्माण को तोड़े जाने की लिए रूपरेखा बनाने की बात कही। सामने आ रहा है कि पूरे घटनाक्रमों में अपराधी अलग-अलग स्थान पर अवैध निर्माण कर लेते हैं, और पशुवध और गौ हत्याओं जैसे संगीन अपराधों को अंजाम दिया जाता है। इसीलिये अब प्रशासन सख्त कार्रवाई के जरिए ऐसे शातिर अपराधियों के हौसले पस्त करने के मूड में है।


