श्योपुर/धीरज कुमार बालोठिया/खबर डिजिटल/ बेमौसम अतिवृष्टि से बर्बाद हुई धान की फसल के मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर श्योपुर में मंगलवार को युवा किसानों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। यहां किसानों ने श्योपुर के राम तलाई हनुमान मंदिर से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक दंडवत लगाने और प्रशासन को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपने का प्रण लिया, वहीं दंडवत की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता मौके पर दलबल के साथ पहुंचे।
किसान और पुलिस के साथ बहसबाजी
किसानों का यह दंडवत प्रदर्शन जैसे ही यातायात थाने के पास पहुंचा, तभी किसानों की पुलिस के साथ तीखी बहस भी देखने को मिली। किसान लगातार अपनी दंडवत लगाते रहे। उसके बाद एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी मौके पर तहसीलदार मनीषा मिश्रा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे, तब जाकर किसानों ने सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने की ज्ञापन में मांग
किसानों ने सीएम डॉ मोहन यादव के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि श्योपुर जिले में बेमौसम बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है, ऐसी हालत में किसान भयंकर संकट से जूझ रहा है। किसानों का संपूर्ण बिल माफ किया जाए, राष्ट्रीयकृत सरकारी एवं निजी बैंकों के साथ सहकारी संस्था का संपूर्ण ऋण माफ किया जाए। फसल बीमा राशि का भुगतान सभी बीमित हितग्राहियों को अविलंब सुनिश्चित हो, इन्हीं मांगों को लेकर किसानों ने ज्ञापन सौंपा।


