इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ विश्व टॉयलेट दिवस पर बुधवार को इंदौर शहर में अलग-अलग जोन स्थित पब्लिक टॉयलेट्स पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मार्गदर्शन में नगर निगम ने ‘गेट-टू-गेदर एट टॉयलेट’ अभियान चलाया। इसके तहत नागरिकों को साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक का संदेश दिया गया और कई गतिविधियों को आयोजित किया गया। यहां महापौर ने सफाई और सुरक्षा का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की। कार्यक्रम के दौरान शहर में चार नए पब्लिक टॉयलेट्स का लोकार्पण भी किया गया। इसके पीछे स्वच्छता के साधनों को और भी विकसित करना है।
स्वच्छता के साथ सुरक्षा जरुरी – महापौर
चर्चा में मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पब्लिक टॉयलेट्स को केवल साफ रखना ही नहीं, बल्कि सुरक्षित रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि पब्लिक टॉयलेट्स से बल्ब, नल जैसी चीजें गायब हो जाती हैं। यह किसी एक की नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी है। इंदौर को सफाई के साथ सुरक्षा का संदेश भी देना चाहिए।
नेहरु पार्क में हुआ मुख्य कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम नेहरू पार्क में आयोजित किया गया, जिसमें मेयर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स शामिल हुए। जिन्होंने स्वच्छता में और बेहतरी के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
चार जगह सार्वजनिक टॉयलेट्स का शुभारंभ
वर्ल्ड टॉयलेट डे पर सुबह जोन क्रमांक 4 वार्ड क्रमांक 12 अंतर्गत महाराणा प्रताप नगर में स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, क्षेत्रीय पार्षद सीमा डाबी, जोन क्रमांक 13, वार्ड क्रमांक 74 अंतर्गत चोइथराम सब्जी मंडी में एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद, मंडी एसोसिएशन, जोन क्रमांक 17, वार्ड क्रमांक 19 एफ सेक्टर में एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, क्षेत्रीय पार्षद के साथ ही सीनियर सिटीजन, वेंडर, स्टूडेंट्स की उपस्थित में टॉयलेट्स का शुभारंभ किया।
यहां हुए कार्यक्रम
शहर के समस्त 22 जोन क्षेत्र अंतर्गत लालबाग, मल्हार आश्रम, आईटीआई चौराह, पतरे की चाल, विजय नगर चौराहा, शारदा मठ, जिमखाना, हरसिद्धी जोन आफिस, दशहरा मैदान, पंचशील नगर के पास, इंदिरा प्रतिमा चौराहा, पीपल्याहाना, इंदिरा नगर, गायत्री पेट्रोल पंप एवं अन्य स्थानों पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम हुए।


