शैलेश नामदेव/डिंडौरी/खबर डिजिटल/ जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में करंजिया क्षेत्र में देर रात की गई कार्रवाई ने रेत तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। 16 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 2 बजे, नायब तहसीलदार करंजिया ने ग्राम खन्नात क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक डंपर को मौके पर ही पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान की गहन जांच
कार्रवाई के दौरान डंपर की गहन जांच की गई, जिसमें उसमें 15.1 घन मीटर रेत पाई गई। जप्त किए गए डंपर का पंजीयन क्रमांक CG 31 B 9366 है। जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी का नाम सुशील सिंह, निवासी ग्राम पमरा, पोड़की बताया गया है। मौके पर मौजूद डंपर चालक रामप्रसाद, पिता मंगलू रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध अनुमति, रॉयल्टी पर्ची या परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई
दस्तावेजों के अभाव में डंपर को तत्काल जब्त कर थाना करंजिया के सुपुर्द किया गया। मामले में खनिज अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जप्त वाहन पर जुर्माना, रेत की नीलामी तथा अन्य दंडात्मक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व की क्षति की बात
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं रेत परिवहन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और राजस्व की क्षति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी कारण रात्रिकालीन गश्त, आकस्मिक जांच और संयुक्त दलों की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
अधिकारियों ने दी चेतावनी
इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्त मंशा और शून्य सहनशीलता नीति का प्रतीक माना जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध भविष्य में और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


