आलीराजपुर/चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा)/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय, भाबरा (चंद्रशेखर आज़ाद नगर) द्वारा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार वाखला के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत महाविद्यालय के प्राध्यापकगण शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में पहुँचकर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत करा रहे हैं।
उच्च शिक्षा की दे रहे जानकारी
प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों, शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं, शैक्षणिक सुविधाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान प्रो. विजय कुमार आलावे, डॉ. शुभम चौहान, प्रो. कमलेश गणावा, डॉ. रेशम बघेल, प्रो. दिलीप गरवाल, डॉ. निलेश परमार, डॉ. रोशनी भंवर, प्रो. विक्रम बिलावल सहित अन्य प्राध्यापकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
अभियान सफलतापूर्वक संपन्न
महाविद्यालय द्वारा अब तक चंद्रशेखर आज़ाद नगर, सेजावाड़ा, सन्दा, झिरन सहित आसपास के अनेक ग्रामीण एवं नगरीय विद्यालयों में अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। शेष विद्यालयों में भी यह अभियान निरंतर जारी है। कॉलेज चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़कर शासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त भविष्य की ओर प्रेरित करना है।


