P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशSidhi News : संविदा कर्मियों की बर्खास्तगी से प्रशासन पर सवाल…कलेक्टर कार्यालय...

Sidhi News : संविदा कर्मियों की बर्खास्तगी से प्रशासन पर सवाल…कलेक्टर कार्यालय पहुंचा संयुक्त संघर्ष मंच

आंदोलन की दी चेतावनी

सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ जिले में संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्ति का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जिला पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी किए गए सेवा समाप्ति आदेशों के विरोध में संविदा संयुक्त संघर्ष मंच मध्य प्रदेश (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संगठन ने इसे नियमों के खिलाफ, एकतरफा और कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाला कदम बताया है।

संविदाकर्मियों की सेवाएं की समाप्त
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में पदस्थ अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सुनील शर्मा, ग्राम पंचायत डमक के ग्राम रोजगार सहायक विनोद कुमार तिवारी तथा ग्राम पंचायत बढ़ागांव जनपद पंचायत सिहावल के ग्राम रोजगार सहायक रामायण प्रसाद पटेल की संविदा सेवाएं अचानक समाप्त कर दी गईं। संगठन का आरोप है कि यह कार्रवाई मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के 22 जुलाई 2003 के दिशा-निर्देशों एवं राज्य रोजगार गारंटी परिषद भोपाल द्वारा 15 अक्टूबर 2025 को जारी आदेशों के विपरीत की गई है।

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
संघ का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों को न तो निष्पक्ष जांच का अवसर दिया गया और न ही अपना पक्ष रखने का समुचित समय। बिना पूर्ण जांच और सुनवाई के सेवा समाप्ति आदेश जारी कर दिए गए, जो नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है। इस कार्रवाई से जिले के संविदा कर्मचारियों में गहरी नाराजगी और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
सेवा समाप्ति से प्रभावित अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि उन्हें महज औपचारिक नोटिस देकर जल्दबाजी में हटा दिया गया, जबकि जिस कार्य में अनियमितता बताई जा रही है, उसमें कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इसके बावजूद केवल उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने इसे व्यक्तिगत द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताया और कहा कि यदि उन्हें सुनवाई का अवसर दिया जाता तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती थी।

सेवा समाप्ति न केवल अन्यायपूर्ण…
संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के पदाधिकारी आजाद सिंह ने कहा कि सिहावल और रामपुर नैकिन जनपद में की गई सेवा समाप्ति न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि इससे प्रशासन की मंशा पर भी प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सेवा समाप्ति आदेश वापस लेकर संविदा कर्मियों को बहाल नहीं किया गया, तो जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक क्रमिक और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन
इस पूरे मामले पर जब अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी धनंजय मिश्रा से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी वर्तमान में अवकाश पर हैं। उन्हें प्रकरण की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन दस्तावेजों का अवलोकन कर नियमानुसार जो भी उचित निर्णय होगा, वह लिया जाएगा।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट