हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 134 टिमरनी में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सर्वे के बाद मतदाता सूची में दर्ज दावे-आपत्तियों को लेकर राजनीति गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा नेताओं पर शासकीय कर्मचारियों पर दबाव बनाकर कांग्रेस समर्थित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से अवैधानिक रूप से कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है।
एसडीएम को प्रमाण सहित सौंपा ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई के नेतृत्व में नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सजीव कुमार नागू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा नेताओं द्वारा निर्वाचन शाखा टिमरनी में फर्जी तरीके से फार्म-7 भरकर आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। कांग्रेस ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग में भी शिकायत की गई है।
200 से अधिक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बताया कि टिमरनी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 8 बूथों पर करीब 200 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ क्रमांक 52, 53, 40, 60 और 65 सहित कई बूथों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा योजनाबद्ध तरीके से आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं।
आपत्तियां सार्वजनिक करने की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि निर्वाचन शाखा में दर्ज सभी आपत्तियों को सार्वजनिक किया जाए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


