भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ महिलाओं को उत्थान के लिए मध्यप्रदेश की मोहन सरकार तमाम प्रयास कर रही है, ऐसे में एक बार फिर सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए, आगामी चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा-विधानसभा निर्वाचन में भी 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार ने अनेक कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिनसे महिलाएं सशक्त हो रही हैं।
करीला मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रंग पंचमी के मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अशोकनगर में 115 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत के 50 विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही भूमिपूजन किया है। उन्होंने करीला माता धाम में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता भी की। इस स्थान पर माता जानकी ने लव-कुश को जन्म दिया था, जहां पर मां सीता की पूजा बिना भगवान श्रीराम के की जाती है, जहां मंदिर में माता सिया के साथ लव-कुश और ऋषि वाल्मिकी विराजमान है, जहां पर दूर-दूर से भक्त आते हैं।
एमपी में महिला सशक्तिकरण जारी
करीला मेले में शामिल होने के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा-विधानसभा निर्वाचन में भी 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार ने अनेक कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिनसे महिलाएं सशक्त हो रही हैं। लाड़ली बहनों को प्रदेश सरकार हर महीने 1500 रुपये दे रही है। महिलाओं को विभिन्न विभागों में आरक्षण देकर उच्च पदों पर नियुक्ति दी गईं हैं। किसान कल्याण वर्ष का आयोजन प्रदेश में किया जा रहा है। किसानों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार 6-6 हजार रुपये की राशि किसान सम्मन निधि के रूप में दे रही है।
हितग्राहियों को दिया हितलाभ
करीला माता धाम में सीएम डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ दिए। इससे पहले उन्होंने वनोपज, कृषि आधारित उत्पादों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मद्देनजर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की सात महिलाओं को सम्मानित भी किया।
सीएम ने खेली फूलों की होली
अपने करीला धाम के दौरे के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने करीला धाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन किए। यहां उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-पाठ के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ खेली फूलों की होली भी खेली। इस दौरान उन्होंने कहा कि करीला धाम में आस्था के साथ पूर्ण श्रद्धा भाव से श्रद्धालु माता जानकी के दर्शन करने आते हैं। माता जानकी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण करती हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर माता जानकी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है।


