मध्यप्रदेश में हाल ही में हुई आंधी और बारिश के बाद अब मौसम पूरी तरह बदल गया है. पूरे प्रदेश में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और लोगों को सुबह से ही तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल से राज्य में लू चलने की संभावना है, जिसे देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है. कई शहरों में तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ गया है.
मध्यप्रदेश में चलेगी लू
मौसम विभाग का कहना है कि 16 अप्रैल से लू का असर साफ तौर पर दिखाई देगा. खासतौर पर धार, खरगोन, खंडवा, सीधी और सिंगरौली जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है. इन इलाकों में घर से बाहर निकलते ही लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है. रविवार को भी कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार रहा और लोगों ने भीषण गर्मी महसूस की. रतलाम सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 41 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो सकता है, लेकिन यह कमजोर रहेगा और गर्मी में ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी सावधानियां भी बताई हैं. सलाह दी गई है कि दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें और खुद को हाइड्रेट रखें. दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें. हल्के और सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर को ठंडक मिल सके. साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की जरूरत है.
इतना रहेगा तापमान
अगर तापमान की बात करें तो खजुराहो में 40.4 डिग्री, धार और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री दर्ज किया गया. रतलाम में सबसे अधिक 41 डिग्री तापमान रहा. वहीं इंदौर में 39.2 डिग्री, भोपाल में 38.6 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और ग्वालियर में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. कुल मिलाकर आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


