दिल्ली हाईकोर्ट के हालिया फैसले के बाद कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को लेकर दतिया में उपचुनाव की संभावना तेज हो गई है. इस संभावित चुनाव को देखते हुए प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां अंदर ही अंदर शुरू कर दी हैं. माना जा रहा है कि यदि यहां उपचुनाव होता है तो यह केवल एक सीट की लड़ाई नहीं होगी, बल्कि इसे बड़े सियासी मुकाबले के रूप में देखा जाएगा. एक तरफ भाजपा इस सीट पर दोबारा कब्जा जमाने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस अपनी जीती हुई सीट को हर हाल में बचाए रखना चाहती है. ऐसे में दतिया में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है.
नरोत्तम मिश्रा के लिए दतिया उपचुनाव खास
भाजपा के लिए यह चुनाव खास तौर पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उनकी राजनीतिक स्थिति काफी हद तक इस चुनाव के नतीजे पर निर्भर कर सकती है. अगर वह जीत हासिल करते हैं तो उनके लिए सरकार में अहम भूमिका मिलने के रास्ते खुल सकते हैं. पार्टी सूत्रों की मानें तो जीत की स्थिति में उन्हें कैबिनेट में जगह भी मिल सकती है. पिछले चुनाव में हार के बाद भाजपा इस बार किसी भी कीमत पर यह सीट गंवाना नहीं चाहती, इसलिए यह मुकाबला पार्टी की प्रतिष्ठा से भी जुड़ गया है.
कांग्रेस सोच समझकर उतारेगी उम्मीदवार
दूसरी ओर कांग्रेस इस चुनाव को अपनी साख से जोड़कर देख रही है. पार्टी का मानना है कि यह केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि अपनी विचारधारा की लड़ाई भी है. यही कारण है कि कांग्रेस इस सीट पर बेहद सोच समझकर उम्मीदवार उतारना चाहती है. संभावना जताई जा रही है कि पार्टी दतिया से अवधेश नायक को मैदान में उतार सकती है.
अवधेश नायक जाना माना नाम
अवधेश नायक दतिया की राजनीति में एक जाना पहचाना नाम हैं. वे पहले भाजपा से जुड़े रहे, लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए. उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का करीबी माना जाता है. साल 2023 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, हालांकि बाद में पार्टी ने उम्मीदवार बदल दिया. भाजपा में रहते हुए उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी मिल चुका है और वे नरोत्तम मिश्रा के मजबूत प्रतिद्वंद्वी माने जाते रहे हैं. ऐसे में अगर उन्हें टिकट मिलता है तो मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
