मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को एक ट्रैफिक विवाद ने अचानक राजनीतिक रंग ले लिया. शहर के महू नाका चौराहे पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भाजपा नेता और ट्रैफिक पुलिस के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया. घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई.
महिला ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने जड़ा थप्पड़
जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे अपने दोपहिया वाहन से गुजर रहे थे. इसी दौरान ट्रैफिक सिग्नल बदलने के समय उन्हें ट्रैफिक पुलिस ने रोका. शेंडगे का आरोप है कि एक महिला ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने उन पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने का आरोप लगाया और बहस के दौरान थप्पड़ मार दिया. भाजपा नेता ने कहा कि वह फोन पर बात नहीं कर रहे थे और जब उन्होंने अपनी बात रखने की कोशिश की तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया.
कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
घटना की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैरिकेड लगाकर यातायात बाधित कर दिया, जिससे इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. मामले को बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. प्रशासन की ओर से शुरुआती कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक थाना प्रभारी राधा यादव को फील्ड ड्यूटी से हटाकर डीसीपी कार्यालय से अटैच कर दिया गया. वहीं सूबेदार लक्ष्मी धार्वे और कांस्टेबल शेखर गावड़े को निलंबित कर दिया गया है.
सीसीटीवी फुटेज हो रहे हैं चेक
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल इस घटना को लेकर शहर की राजनीति और पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
