इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिक निगम इंदौर के सहायक राजस्व अधिकारी जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के दो ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई शुरू की है। लोकायुक्त के मुताबिक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। सर्चिंग की कार्रवाई अभी जारी है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जितेन्द्र कुमार पाण्डेय नगर पालिक निगम इंदौर में सहायक राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और करीब 31 वर्ष से शासकीय सेवा में हैं। जांच में उनकी वैध आय की तुलना में संपत्ति और खर्च अधिक पाए जाने का दावा किया गया है।
पत्नी के नाम पर दो भवनों की जानकारी
लोकायुक्त के मुताबिक आरोपी अधिकारी की पत्नी भावना पाण्डेय के नाम पर आनंद नगर एक्सटेंशन, नवलखा-चितावद, गजाधर नगर इंदौर में 40×50 फीट के भूखंड पर जी+3 भवन का निर्माण कराया गया है। इस भवन के निर्माण पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इसी तरह गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में पत्नी के नाम दर्ज एक अन्य भूखंड पर जी+2 भवन बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। यहां छात्रावास संचालित होने की बात भी लोकायुक्त ने कही है। इस भवन पर करीब 91.50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
वाहन और अन्य खर्च भी जांच के दायरे में
लोकायुक्त के अनुसार आरोपी अधिकारी की पत्नी, पुत्र और पुत्री के नाम पर चार पहिया एवं दो पहिया वाहन खरीदे गए हैं। वाहनों की खरीद और अन्य खर्च को मिलाकर करीब 14 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। लोकायुक्त के प्रारंभिक आकलन के अनुसार अधिकारी को पूरे सेवाकाल में करीब 80 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि लगभग 2.53 करोड़ रुपये का व्यय पाया गया है। इस हिसाब से करीब 1.73 करोड़ रुपये का अंतर सामने आया है, जिसे वैध आय की तुलना में 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन बताया गया है। हालांकि, अंतिम स्थिति विस्तृत जांच और सर्च कार्रवाई पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। टीम द्वारा दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य संभावित वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में की जा रही है। कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित टीम के अधिकारी शामिल हैं।
लोकायुक्त की टीम ने दी जानकारी
लोकायुक्त संगठन ने कहा है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत होने पर आमजन लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में सूचना दे सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के दोनों ठिकानों पर चल रही सर्च कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।
