Bhopal Honey Trap : राजधानी भोपाल में पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह मामले में बड़ा खुलासा किया है। गिरोह के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी को उसकी शादी से ठीक पहले लालघाटी स्थित एक मैरिज गार्डन में चल रहे हल्दी समारोह से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी की शादी 12 मार्च को थी और अगले दिन उसका रिसेप्शन होना था।
पुजारी को फंसाने की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने एक मंदिर के पुजारी को युवती के जरिए जाल में फंसाने की साजिश रची थी। योजना के तहत युवती को पुजारी के घर भेजा गया, जहां उसने अंदर से दरवाजा बंद कर हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में गिरोह के अन्य सदस्य जबरन घर में घुस आए और पुजारी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए उसे जबरदस्ती वाहन में बैठाकर एक मल्टी में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई और करीब 8 लाख रुपये की मांग की गई।
पुलिस शिकायत में खुला राज
पीड़ित पुजारी ने हिम्मत दिखाते हुए पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें रामजी ठाकुर, आकाश उपाध्याय और एक युवती शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया था।
कई युवओं को बना चुके शिकार
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने पहले भी कई युवकों को इसी तरह फंसाकर ब्लैकमेल किया था। एक युवक को लड़की के जरिए बुलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और वायरल करने तथा झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर करीब डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। बदनामी के डर से युवक ने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की थी।
ऐसे देते थे बारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक गिरोह संगठित होकर बारदात को अंजाम देते थे। सबसे पहले युवकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया जाता था और लड़की की फोटो भेजकर बातचीत शुरू की जाती थी। इसके बाद युवती को मिलने भेजा जाता था, जहां चुपके से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए जाते थे। कुछ देर बाद युवती विरोध करने लगती थी और उसी समय गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचकर हंगामा करते हुए पीड़ित को ब्लैकमेल करते थे।
35 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गैंग का सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी पहले से ही 35 से अधिक मामलों में आरोपी रह चुका है और हत्या के एक मामले में जमानत पर बाहर था। वह इल्लीगल गैंग नाम से गिरोह चलाता था और वाजपेयी मल्टी इलाके में शराब और गांजा बेचने का काम भी करता था। गिरोह में 15 से अधिक युवक और युवतियां शामिल हैं। फिलहाल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।


