घंसौर(सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/मध्यप्रदेश के घंसौर में स्थित भावास अकादमी में विद्यालय का 17वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अतिथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र दल द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। बैंड की धुन पर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
विद्यालय परिवार ने किया सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेपाल सिंह भाटी रहे, जबकि अर्चना सिंह और अनीता सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अंशुल परिहार, जॉइंट सेक्रेटरी शौर्य वीर राणा, विश्वजीत प्रताप सिंह सिसोदिया, मुख्य कोऑर्डिनेटर उमाशंकर शर्मा, फाउंडर मेंबर सुधीर सारंग तथा विद्यालय के प्राचार्य मोहित ठाकुर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य, लोकगीत और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की।
नारी शक्ति और मातृत्व के महत्व
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नारी शक्ति और मातृत्व के महत्व पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए गए। साथ ही विद्यालय में स्टार समारोह का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्टार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावक वंदना सेन ने विद्यालय परिसर और शिक्षकों के कार्य की सराहना करते हुए अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
भावास अकादमी की स्थापना
मुख्य अतिथि, फाउंडर मेंबर, प्रेसिडेंट और विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण, शिक्षा के महत्व और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सभी को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उल्लेखनीय है कि भावास अकादमी की स्थापना 10 मार्च 2010 को शशि प्रभा सिसोदिया (भावा जी) के जन्मदिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बखरी परिवार द्वारा की गई थी।


