देवास/पवन उपाध्याय/खबर डिजिटल/ जिला पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है, जब 1.25 करोड़ की सनसनीखेज चोरी का 24 घंटे मे खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी से सारी रकम बरामद कर ली है, वहीं अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है। आरोपी ने भी साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया है।
क्या है पूरा मामला
शनिवार 25 अक्टूबर को फरियादी आशीष गुप्ता निवासी नौगांव जिला छतरपुर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास में एक लिखित आवेदन दिया था, जिसमें उन्होंने बताया कि अपने मुनीम नितेश कुमार सेन को दिनांक गुरुवार 16 अक्टूबर को दीपावली के मौके पर सोने-चांदी की खरीदी के लिए रात में लगभग 10 बजे महाकाल बस से 1.25 करोड़ रूपए देकर इंदौर रवाना था। बस शुक्रवार 17 अक्टूबर को सुबह लगभग साढ़े 5 बजे थाना सोनकच्छ क्षेत्रान्तर्गत स्थित पप्पू एंड पप्पू रिसोर्ट पर रूकी। जहां मुनीम नितेश कुमार सेन फ्रेश होने के लिए बस से उतर गया और जब वापस बस में आया तो देखा कि उसका पैसो से भरा बैग उसकी सीट पर न होकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी किया गया और सफेद रंग की महिंद्रा XUV-300 से रवाना हुए है। घटना की गंभीरता पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन उमेश जोगा,पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज नवनीत भसीन ने पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद को तत्काल कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में 3 विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीमों के द्वारा तकनीकी साक्ष्य,भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर बस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चैक किये। जिसमें 2 अज्ञात आरोपी फरियादी का बैग चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। इन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान निवासी धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र के रूप में हुई। जिन्हें तत्काल दबिश देकर धरदबोचा गया। जिसमें आरोपी नामदार पिता शहजाद खान उम्र 35 वर्ष निवासी खेरवा जागीर थाना मनावर जिला धार को गिरफ्तार किया गया एवं आरोपी के कब्जे से ₹1.25 करोड़ नगद बरामद कर लिए गए । पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
कार्रवाई में दीपा माण्डवे अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ,थाना प्रभारी भौरांसा निरीक्षक प्रीति कटारे,इंचार्ज थाना प्रभारी सोनकच्छ उनि आर.के. शर्मा,चौकी प्रभारी चौबाराधीरा उनि राकेश चौहान,प्रआर हरिओम यादव,अभिषेक पाण्डे,सुनील रावत,जितेन्द्र सिंह तोमर,आर सत्येन्द्र सिंह सोलंकी,श्याम बिहारी शर्मा,उमेश सिंह भदौरिया एवं सायबर सेल टीम से प्रआर सचिन चौहान एवं शिवप्रताप सिंह सेंगर की सराहनीय भूमिका रही ।


