रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सरकारी अधिकारी भी सुरक्षित नहीं रहे। बीती रात मनगवा ब्रिज के पास परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई में घंटों की देरी हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मनगवा ब्रिज के पास की घटना
घटना बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। त्यौंथर परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा अपनी कार एमपी 18 ZB 6343 से गुजर रहे थे। जैसे ही वे मनगवा ब्रिज के पास पहुंचे, एक बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी से तीन बदमाश निकले, जो पिस्तौल से लैस थे। उन्होंने कार का फाटक खोलकर दीपक मिश्रा की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उनकी गाड़ी की चाबी, तीन मोबाइल, पर्स में रखे 2 हजार 700 रुपये और बैग में रखे 17 हजार रुपये नगद और एटीएम कार्ड लूटकर कर भाग गए। अधिकारी के साथ कुल 20 हजार 400 रुपये की लूट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर गढ़ और मनगवा पुलिस ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया, लेकिन अब तक किसी बदमाश का सुराग नहीं मिल सका है। वहीं, फरियादी को एफआईआर दर्ज कराने में रात से लेकर दोपहर तक मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद दोपहर 2 बजे मामला दर्ज किया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि मनगवा ब्रिज के पास लगातार वारदातें हो रही हैं, जिससे पुलिस की गश्त और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी अधिकारी के साथ इस तरह की हथियारबंद लूट ने एक बार फिर कानून- व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कब तक कर पाती है।


