PM Kisan Samman Nidhi Yojana : देशभर के किसानों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। यह राशि गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के खातों में भेजी जाएगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस किस्त के तहत देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में पहुंचेगी।
2019 में शुरू हुई थी योजना
केंद्रीय कृषि मंत्री के अनुसार पीएम-किसान योजना फरवरी 2019 में शुरू की गई थी। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। अब तक इस योजना के माध्यम से किसानों के खातों में 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
महिला किसानों को भी मिलेगा लाभ
22वीं किस्त में 2.15 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को भी लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि समय पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक जैसी कृषि सामग्री खरीदने में मदद करती है। साथ ही यह राशि शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक साबित होती है।
पोर्टल पर उपलब्ध है “Know Your Status” सुविधा
किसानों की सुविधा के लिए पीएम-किसान पोर्टल पर “Know Your Status (KYS)” मॉड्यूल उपलब्ध कराया गया है। इसके जरिए लाभार्थी अपनी भुगतान स्थिति, पात्रता, भूमि सीडिंग, आधार लिंकिंग और e-KYC की जानकारी जांच सकते हैं।
e-KYC प्रक्रिया आसान
इसके अलावा e-KYC प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन आधारित मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है, जिससे किसान बिना OTP या बायोमेट्रिक डिवाइस के घर बैठे e-KYC पूरा कर सकते हैं।
शिवराज सिंह की अपील
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपील की है कि वे पीएम-किसान पोर्टल पर अपनी जानकारी की स्थिति अवश्य जांच लें और समय रहते e-KYC पूरा कर लें, ताकि 13 मार्च को जारी होने वाली 22वीं किस्त का लाभ समय पर मिल सके।


