भावांतर योजना के तहत सोयाबीन पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तक
कटनी – खरीफ वर्ष 2025 (विपणन वर्ष 2025-26) के लिए भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत किसानों को ई-उपार्जन पोर्टल पर 17 अक्टूबर तक समर्थन मूल्य पर सोयाबीन विक्रय हेतु पंजीयन कराना अनिवार्य है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सहकारी विपणन मर्यादित कटनी और कृषि उपज मंडी कटनी को पंजीयन केंद्र बनाया है। राज्य शासन ने फसल विक्रय की अवधि 24 अक्टूबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक निर्धारित की है। किसानों को भावांतर की राशि पंजीयन के समय दर्ज बैंक खाते में डीबीटी से दी जाएगी।
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत लागू भावांतर योजना में किसानों को एमएसपी और मंडी भाव के अंतर की राशि सरकार द्वारा दी जाती है। उदाहरणतः यदि सोयाबीन का मॉडल भाव ₹4600 और समर्थन मूल्य ₹5328 है, तो किसान को ₹628 प्रति क्विंटल भावांतर राशि मिलेगी। कलेक्टर ने किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।


