आलीराजपुर/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ जिले में हथियार लाइसेंस दिलाने के नाम पर एक आम नागरिक से हजारों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित हेमता पिता सुभान, निवासी ग्राम बेगड़ा, थाना आम्बुआ, जिला अलीराजपुर ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने लगाया आरोप
पीड़ित का आरोप है कि उसके पुत्र कालू द्वारा थाना आम्बुआ में शस्त्र लाइसेंस के लिए विधिवत आवेदन किया गया था। इसी दौरान खुर्शीदअली दीवान नामक व्यक्ति ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए एसपी कार्यालय से फाइल निकलवाने और लाइसेंस बनवाने का झांसा दिया। इस बहाने आरोपी ने पहले नकद राशि ली और बाद में फोन-पे के माध्यम से ₹11,000 भी ट्रांसफर करवा लिए।
राशि लौटाने की मांग, अभद्र व्यवहार
शिकायत में कहा गया है कि रकम लेने के बावजूद आज तक न तो शस्त्र लाइसेंस बना और न ही पैसे वापस किए गए। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और जब पीड़ित ने अपनी राशि लौटाने की मांग की तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने इसे स्पष्ट रूप से धोखाधड़ी और ठगी का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ फोन-पे से किए गए भुगतान की रसीद भी संलग्न की गई है, जिससे लेन-देन की पुष्टि होती है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।


