सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— जिला चिकित्सालय में महिला से एंबुलेंस की सफाई कराने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर संबंधित दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर को मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में सीएमएचओ ने संबंधित कंपनी जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड के संचालकों एवं प्रबंधकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और वीडियो की जांच कराई। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी के खिलाफ कार्रवाई की गई।कंपनी द्वारा एंबुलेंस पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। प्रशासन की इस कार्रवाई को लापरवाही और अमानवीय व्यवहार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।मामले के उजागर होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पताल प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठे थे, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर जवाबदेही तय करने की पहल की है।
महिला से एंबुलेंस साफ कराने के मामले में कार्रवाई, दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त
सम्बंधित ख़बरें
