सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और भारी वाहनों के दबाव को कम करने की दिशा में नगर पालिक निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ग्राम पुरैनी स्थित विकसित ट्रांसपोर्ट नगर में शेष भूखंडों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग को गति मिलेगी।निगम प्रशासन का मानना है कि ट्रांसपोर्ट नगर पूरी तरह विकसित होने के बाद शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी, जिससे जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और प्रदूषण जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।योजना के तहत विभिन्न उपयोगों के लिए भूखंडों का वर्गीकरण किया गया है। इसमें 15×30 वर्गमीटर के 27 भूखंड, 12×15 वर्गमीटर के 93 भूखंड, 6×15 वर्गमीटर के 6 भूखंड तथा 4×6 वर्गमीटर की 18 दुकानों के भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भी अलग से भूमि आरक्षित की गई है, ताकि ट्रांसपोर्ट नगर एक पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर केंद्र के रूप में विकसित हो सके।निगम प्रशासन ने ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बताते हुए पात्र आवेदकों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है। इच्छुक आवेदक शासकीय पोर्टल www.mptenders.gov.in के माध्यम से निविदा प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।प्रशासन का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर के शीघ्र क्रियान्वयन से न केवल परिवहन व्यवसाय को व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिलेगा, बल्कि शहर के समग्र विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
कटनी में ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग को मिली रफ्तार, शेष भूखंडों की नीलामी शुरू
सम्बंधित ख़बरें


