MP BJP Niyuktiyan: मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर चल रही उठापठक के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। जिला कप्तानों की सूची जारी होने से पहले टीकमगढ़ पहुंचे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने साफ कर दिया है कि युवा मोर्चा में किसी भी तरह का शॉर्टकट या बड़े नेताओं की पैरवी काम नहीं आएगी। उन्होंने दोटूक लहजे में कहा कि युवा मोर्चा की नियुक्तियों में केवल उसी कार्यकर्ता को जिला कमान सौंपी जाएगी, जो संगठन पर खरा उतरेगा।
योग्य कार्यकर्ताओं की फौज
श्याम टेलर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी में बड़े नेताओं के वीआईपी सपोर्ट या सिफारिश से युवा चेहरों का चयन नहीं होता है। भाजपा के पास दिन-रात पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं की एक बहुत बड़ी फौज है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि सिफारिशें, कॉर्पोरेट कल्चर और बड़े नेताओं के पुत्रों को बिना जमीन देखे सीधे मलाईदार पदों से नवाजना केवल कांग्रेस की रीत है। भाजपा में सिर्फ और सिर्फ जमीन पर काम करने वाले चेहरों को कमान सौंपी जाती है।
जमीनी कार्यकर्ता सर्वोपरि
उन्होंने आगे कहा कि मैं खुद एक सामान्य परिवार से आता हूं। मेरे परिवार का कोई भी सदस्य कभी सक्रिय राजनीति या ब्यूरोक्रेसी में नहीं रहा। इसके बावजूद भाजपा संगठन ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। यही भाजपा की खूबसूरती है, जहां कहीं से भी किसी भी जमीनी कार्यकर्ता को बड़ी कमान दी जा सकती है। उन्होंने साफ किया कि टीकमगढ़ सहित मध्य प्रदेश के सभी जिलों में भाजयुमो जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों का पेंच पूरी तरह सुलझ चुका है और बहुत जल्द प्रदेश भर में जिला कप्तानों के नामों की आधिकारिक और सूची जारी कर दी जाएगी।
