बुधनी/ कन्हैया नाथ/ खबर डिजिटल/ बुधनी नगर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर के शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
विद्यालयों में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। आकर्षक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कई स्कूलों में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली।
बैंड-बाजे के साथ निकली छात्र रैली
इस अवसर पर स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा बैंड-बाजे के साथ भव्य रैली निकाली गई, जो नगर के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान गूंजते देशभक्ति नारों और राष्ट्रगान से पूरा नगर देशप्रेम में रंगा नजर आया। रैली को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों के किनारे मौजूद रहे।
दशहरा ग्राउंड में सामूहिक आयोजन
संस्कृत दशहरा ग्राउंड, बुधनी में सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के कार्यक्रमों को नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा।
कांग्रेस कार्यालय में भी ध्वजारोहण
ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय बुधनी में भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया, जिसमें कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कई विद्यालयों में विद्यार्थियों को विशेष स्वादिष्ट भोजन कराया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। पूरे नगर में गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।


