सीहोर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को एक दिवसीय संक्षिप्त प्रवास पर VIT भोपाल विश्वविद्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री का विश्वविद्यालय परिसर में स्थित हेलीपैड पर सुबह करीब 10:50 बजे आगमन हुआ, जहाँ संस्थान के उपाध्यक्ष शंकर विश्वनाथन ने उनका आत्मीय स्वागत किया। डॉ. यादव का VIT भोपाल का यह दूसरा आधिकारिक दौरा था, जो राज्य सरकार और प्रमुख शिक्षण संस्थानों के बीच बढ़ते समन्वय को दर्शाता है।
अमलाहा में नई सुविधाओं का लोकार्पण VIT भोपाल में संक्षिप्त ठहराव के बाद मुख्यमंत्री सीहोर जिले के अमलाहा (आष्टा विधानसभा) के लिए रवाना हुए। वहाँ उन्होंने ICARDA (सीहोर) के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और उन्नत प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन किया। ये नई सुविधाएं कृषि अनुसंधान और किसानों के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगी।
संस्थान और शासन का बढ़ता सहयोग दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री अमलाहा से वापस VIT भोपाल विश्वविद्यालय लौटे और दोपहर 1:05 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल प्रस्थान कर गए। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे दौरों से शैक्षणिक संस्थानों को प्रोत्साहन मिलता है और राज्य के विकास में शिक्षा और शासन की भागीदारी और मजबूत होती है।


