अलीराजपुर,नावेद रजा/खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले से गए लगभग 200 यात्री 28 अगस्त को मेघनगर से तिरुपति बालाजी के लिए रवाना हुए थे। 30 अगस्त की सुबह सभी यात्री सुरक्षित तिरुपति पहुँचे। दर्शन उपरांत यात्रियों को एक स्थान पर साथ रहने की सलाह दी गई थी, लेकिन कालीबेल निवासी 65 वर्षीय मानसिंह डावर लापता हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने तिरुपति कलेक्टर डॉ. एस. वेंकटेश्वरन से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की। इसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज सहित कई स्थानों पर खोजबीन की और अंततः मानसिंह डावर को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. बेडेकर लगातार स्थानीय प्रशासन से संपर्क में रहे और हर संभव प्रयास किए। अंततः यात्री दल प्रभारी देवेंद्र रावत, गुम हुए श्रद्धालु मानसिंह को अपने साथ लेकर अलीराजपुर लौट रहे हैं। कलेक्टर डॉ. बेडेकर ने तिरुपति कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया और परिजनों को भी श्रद्धालु के सुरक्षित मिलने की सूचना दी।
यहां भी पढें-श्रीमद् भागवत कथा से नगर में धार्मिक माहौल


