सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी –जिले में डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधूरे और लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई।जिले में स्वीकृत 253 कार्यों में से 92 कार्य अब भी प्रगतिरत हैं, जिससे कार्यों की गति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई परियोजनाएं लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं, वहीं कुछ स्थलों पर अतिक्रमण के चलते काम प्रभावित बताया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि डीएमएफ कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे करने होंगे।बैठक में यह भी सामने आया कि पूर्ण हो चुके कई कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र तक लंबित हैं, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्माण एजेंसियों की सुस्ती और मॉनिटरिंग की कमी को लेकर भी सवाल उठे। प्रशासन ने चेताया है कि लंबित कार्यों में अब किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।
डीएमएफ कार्यों में सुस्ती पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर जताई नाराजगी
सम्बंधित ख़बरें
