सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम जमुआनी कला में लंबे समय से संचालित अवैध खनन पर आखिरकार खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। देर रात हुई इस कार्रवाई में बंद पड़ी खदान में अवैध उत्खनन का खुलासा हुआ, जबकि मौके पर मौजूद पोकलेन मशीन का ऑपरेटर वाहन छोड़कर फरार हो गया।माइनिंग इंस्पेक्टर पवन कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंची टीम को मौके पर अवैध खनन के स्पष्ट प्रमाण मिले। विभागीय वाहन पहुंचते ही खनन कार्य में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ऑपरेटर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसके बाद विभाग ने दूसरी खदान से ऑपरेटर बुलाकर मशीन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित खदान करीब पांच वर्षों से बंद बताई जा रही थी, इसके बावजूद यहां चोरी-छिपे खनिज उत्खनन जारी था। इस खुलासे ने प्रशासनिक निगरानी और स्थानीय संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच में बड़े नाम सामने आ सकते हैं। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि किस भूमि पर अवैध उत्खनन हुआ, कितनी मात्रा में खनिज निकाला गया और इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका रही।स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुआनी कला में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा था, लेकिन कार्रवाई पहली बार हुई है। सत्ता संरक्षण और कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप है, वहीं अब सबकी नजर जांच में होने वाले बड़े खुलासों पर टिकी है।
जमुआनी कला में बंद खदान से अवैध खनन का भंडाफोड़, माइनिंग विभाग की दबिश से मचा हड़कंप
सम्बंधित ख़बरें
