छतरपुर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश में छतरपुर में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की भीड़ ने जादू-टोने के शक में हत्या कर दी। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों को बुजुर्ग पर जादू-टोना करने का संदेह था। मामले की जांच जारी है।
छतरपुर के ग्रामीण इलाके का मामला
मामला मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के झमतुली गांव का है, यहां 60 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति की भीड़ ने पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि मृतक का नाम कम्टा आदिवासी था, उसे कुछ ग्रामीणों ने जादू-टोना करने के शक में जमकर पीटा था।
दो लोगों को किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, घटना के बारे में सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खजुराहो के उप-खंड पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें अब हत्या के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
बुरी आत्माओं निकालने का करता था दावा
पुलिस के मुताबिक कम्टा आदिवासी पहले से ही बुरी आत्माओं को निकालने का दावा करता था, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने उन्हें जादू-टोना करने के संदेह में निशाना बनाया। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। जांच के दौरान पूरी सच्चाई सामने आएगी।
दोषियों को मिलेगी सख्त सजा
पुलिस अधिकारी मनमोहन बघेल ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है, और वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा, कि आखिर किस वजह से भीड़ ने इतना हिंसक कदम उठाया। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
