सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी, –24 मार्च 2026।जिला कटनी में जमीन घोटाले का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की संपत्ति बेचने का आरोप लगा है। मामले को लेकर आवेदक कुलवीर सिंह ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, गुरुनानक वार्ड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में भवन क्रमांक 714, जो लगभग 1140 वर्गफुट भूमि पर स्थित है, पूर्व में रामजानकी मंदिर के नाम दर्ज थी। वर्ष 1972 में यह संपत्ति प्रेमचंद श्रीवास्तव द्वारा श्रीमती मैला देवी को विक्रय की गई थी। मैला देवी के निधन के बाद संपत्ति का विधिवत नामांतरण नहीं हुआ और राजस्व अभिलेखों में अब भी यह संपत्ति मंदिर के नाम पर दर्ज है।आरोप है कि मैला देवी के पुत्र जसवीर सिंह उर्फ राजू सरदार ने नगर निगम में जमा की गई टैक्स रसीद के आधार पर स्वयं को संपत्ति का मालिक दर्शाते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इसी आधार पर संपत्ति को अन्य व्यक्तियों को बेच दिया। जबकि केवल टैक्स रसीद में नाम दर्ज होना मालिकाना हक का प्रमाण नहीं माना जाता।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संपत्ति विक्रय से पूर्व सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी, लेकिन बावजूद इसके किसी स्तर पर बिक्री को रोका नहीं गया। बाद में जब खरीदारों ने नामांतरण के लिए आवेदन किया, तो संबंधित अधिकारियों ने यह कहते हुए आवेदन निरस्त कर दिया कि विक्रेता का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।आवेदक का आरोप है कि इस मामले की शिकायत पूर्व में भी राजस्व और पुलिस अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
कटनी में फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की जमीन बिक्री का आरोप, भू-माफिया पर कार्रवाई की मांगआवेदक ने कलेक्टर से की शिकायत, नामांतरण निरस्त होने के बावजूद संपत्ति बेचने का आरोप
सम्बंधित ख़बरें


