सिवनी/घंसौर/मनोज नामदेव/ खबर डिजिटल/ किसानों को लिफ्ट एरिगेशन योजना के तहत पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से अनशन पर बैठीं साध्वी ऋचा गोस्वामी ने शनिवार को अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के आश्वासन के बाद उन्होंने अनशन तोड़ा और नर्मदा परिक्रमा के लिए घंसौर से प्रस्थान करने की घोषणा की।
अनशन के दौरान साध्वी को क्षेत्र के किसानों और आम लोगों का व्यापक समर्थन मिला। शनिवार को सांसद कुलस्ते अनशन स्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर लिफ्ट एरिगेशन के माध्यम से किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे पिछले 14 दिनों से साध्वी के संपर्क में थे और किसानों की समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
साध्वी ऋचा गोस्वामी ने कहा कि किसानों के हित में यह आंदोलन किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वे घंसौर क्षेत्र का जल ग्रहण नहीं करेंगी और नर्मदा परिक्रमा के लिए यहां से रवाना हो रही हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय किसान, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


