हरदा/तौफीक खान/खबर डिजिटल/ जिले में एमडी ड्रग्स मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 490 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 98 लाख रुपए बताई जा रही है। ड्रग्स सप्लाई का कनेक्शन राजस्थान से जुड़ा हुआ सामने आया है। इसी तरह दूसरा मामला सिराली थाना क्षेत्र में 149 ग्राम एमडी बरामद करने का भी सामने आया है।
एसपी शशांक ने दी जानकारी
एसपी शशांक ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि रन्हाई रोड से स्कूटी सवार युवक पंकेश पिता बनवारीलाल झंवर को 2.61 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने एमडी ड्रग्स महेश उर्फ पप्पू खिलेरी (निवासी छोटी हरदा) से खरीदना बताया।
डॉग स्क्वॉड की ली मदद
इसके आधार पर पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से पप्पू के घर से 341 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 68 लाख 20 हजार रुपये है। आरोपी पप्पू खिलेरी पर पहले से 9 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस पहुंचने की जानकारी लगते ही वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
आरोपी पंकेस का खंगाल रहे नेटवर्क
एसपी ने बताया कि आरोपी पंकेश का शहर के कई लोगों से संपर्क में होना सामने आया है, जिसकी भी जांच की जा रही है
दूसरा मामला
16 नवंबर को सिराली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में ड्रग्स लेकर घूम रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिराली-आमासेल रोड पर पहटकला जोड़ के पास से विनोद पिता फूलचंद पाटीदार (39), निवासी मयूर नगर, मूसाखेड़ी, इंदौर को पकड़ा। उसके पास से पन्नी में भरी 149 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने एमडी ड्रग्स फिरदौस पठान (निवासी करणावत, जिला देवास) के माध्यम से सलमान लाला, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) से खरीदी थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने फिरदौस पठान (28) को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य सप्लायर सलमान लाला फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम राजस्थान भेजी गई है।


