उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर होमगार्ड लाइन उज्जैन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर रोशन कुमार सिंह रहे। समारोह का शुभारंभ परेड निरीक्षण से हुआ, जिसके बाद होमगार्ड जवानों द्वारा शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया। जवानों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।
बेहतर काम करने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। उत्कृष्ट सेवा देने वाले जवानों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर विशेष डेमो प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई, जिसमें आपातकालीन स्थितियों में राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।
‘होमगार्ड जवानों का योगदान प्रेरणादायक’
इस अवसर पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने होमगार्ड संगठन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आपदा, सुरक्षा और सामाजिक सेवा में होमगार्ड जवानों का योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने बेहतर कार्य करने के लिए जवानों को प्रोत्साहित किया।
