डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने 15 मई 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खनिज परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नान डिंडोरी, तहसील डिंडौरी एवं थाना समनापुर क्षेत्र में एक डम्पर क्रमांक MP18GA4420 को गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद वाहन को सुरक्षार्थ थाना समनापुर में खड़ा कराया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम मोहत्तरा, तहसील बजाग में की गई, जहां एक बिना नम्बर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरलोड गिट्टी का परिवहन करते पाया गया। वाहन का इंजन नम्बर MP52ZA1411 बताया गया है। खनिज विभाग ने वाहन को जब्त कर थाना गाड़ासरई में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है।
इसके अलावा ग्राम धनुवासागर, तहसील डिंडौरी में एक नीले रंग के बिना नम्बर वाले सोनालिका ट्रैक्टर को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा गया। संबंधित वाहन को थाना कोतवाली में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तीनों मामलों में खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सभी प्रकरणों को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


