इंदौर। मध्यप्रदेश के शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए आज इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में “मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025 – सिटीज ऑफ टुमॉरो” का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर रियल एस्टेट, होटल, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के निवेशकों से संवाद करेंगे।
इस महत्त्वपूर्ण कॉन्क्लेव में देशभर से 1500 से अधिक निवेशक, उद्योगपति और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और निवेशकों के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
कॉन्क्लेव में क्रेडाई, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, हाउसिंग बोर्ड, मेट्रो, हुडको, एलआईसी समेत कई संस्थाओं की प्रदर्शनी लगाई गई है। शहरी विकास की दिशा तय करने के लिए चार तकनीकी सत्र भी आयोजित होंगे। इनमें शहरी उत्कृष्टता के लिए नवीन तकनीक, हरित शहरीकरण और भविष्य की यातायात व्यवस्था जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री कॉन्क्लेव में MP लॉकर, ET अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन समिट 2025 ब्रोशर का विमोचन करेंगे, एमओयू साइन होंगे और “सौगात” का उद्घाटन होगा। इसके साथ ही प्रदेश के शहरीकरण में निवेश अवसरों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
प्रदेश में मेट्रो, ई-बस, मल्टीमॉडल हब, अफोर्डेबल हाउसिंग, स्मार्ट रोड्स और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। अभी तक 8.32 लाख किफायती आवास बन चुके हैं और 10 लाख नए आवास निर्माणाधीन हैं, जिनमें 50,000 करोड़ रुपये का निवेश संभावित है।
इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2025 के तहत प्रदेश में 552 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। नगरीय क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार भी तेजी से हो रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश शहरी परिवर्तन की नई कहानी लिख रहा है। इंदौर में आयोजित यह ग्रोथ कॉन्क्लेव प्रदेश को विकास के अगले पायदान पर पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगा।


