जोबट(आलीराजपुर)/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ लव जिहाद और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों के मामले में जोबट प्रशासन ने आज सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी एहमद मियां पिता हुसैन मियां के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर बड़ा कदम उठाया। कार्रवाई सुबह से शुरू हुई, जो देर तक जारी रही।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरी ध्वस्तीकरण प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।
प्रशासन की प्रारंभिक जांच में आरोपी से संबंधित भवन अवैध निर्माण की श्रेणी में पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई।
आदिवासी युवती से किया था दुष्कर्म
गौरतलब है कि पीड़ित आदिवासी युवती ने आरोपी पर लव जिहाद और दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत कई कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद से ही प्रशासन ने कार्रवाई की गति तेज कर दी थी।
कानूनी कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी
इस बीच, क्षेत्र में पूरी कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल गर्म है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है।आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी है।
