केवलारी/ संतोष बंदेवार/खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा से लगभग 7 किलोमीटर दूर सागर नदी के तट पर स्थित गौघाट (हिनोतिया–थावरी–पोंगार भाटा के मध्य) प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्व शांति एवं जन-जन के कल्याण के उद्देश्य से श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य सार्वजनिक आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अपने 27वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। कार्यक्रम के संयोजक श्रीराम ठाकुर ने बताया कि यह महायज्ञ विगत 26 वर्षों से लगातार मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी महायज्ञ का आयोजन 11 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक किया जाएगा।
प्रतिदिन होंगे धार्मिक अनुष्ठान
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक हवन-पूजन होगा। दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक ओजस्वी कथा प्रवक्ता आचार्य श्री हेमंत कृष्ण जी महाराज (खायरा, बरसाना) के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा अमृत की भावपूर्ण वर्षा होगी।
विशाल मेले का भी आयोजन
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महायज्ञ की पूर्व तैयारियों के क्रम में भूमि पूजन एवं ध्वज पूजन का आयोजन 31 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे किया गया है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं।
श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रण
आयोजक मंडल द्वारा 11 से 19 जनवरी 2026 तक आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, श्रीमद् भागवत कथा एवं मेले में समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को सपरिवार सादर आमंत्रित किया गया है।


