आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/ खबर डिजिटल/ धारियावाद क्षेत्र में मक्का से भरे ट्रक की लूट का गंभीर मामला सामने आया है। फरियादी नाथूलाल ग्निवासी निवासी रातीकाकर तहसील धारियावाद जिला प्रतापगढ़ ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह आयसर ट्रक क्रमांक RJ03GA6638 में जोबट निवासी सुनील अग्रवाल के गोदाम से 243 प्लास्टिक बैगों में भरा 129 क्विंटल 80 किलो सफेद मक्का लेकर अंबुआ–भाबरा रोड होते हुए महिसा (गुजरात) जा रहे थे।
कार सवार बदमाशों ने किया हमला
रात करीब 12 बजे भाबरा-दाहोद रोड पर ग्राम सेजावाड़ा के आगे तिराहे पर एक काली कार ने ट्रक के आगे अचानक रास्ता रोक लिया। कार से उतरे पांच लोगों ने ट्रक पर पथराव किया, जिससे आगे का कांच टूट गया। आरोपियों ने चालक के साथ लाठी से मारपीट की, कॉलर पकड़कर नीचे उतारा और उसकी जेब से मोबाइल व कुछ नकदी लूट ली।
ट्रक व मक्का लूटकर फरार
बदमाश ट्रक सहित करीब 25 लाख रुपये कीमत का मक्का लूटकर फरार हो गए। तीन आरोपियों ने चालक को जबरन कार में बैठाकर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। बाद में फरियादी ने गांव पहुंचकर किराना दुकान से फोन कर साथियों को सूचना दी और फिर थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ जीपीएस लोकेशन के आधार पर अखोली-किल्लाना सीमा पर पहुंचा, जहां ट्रक खड़ा मिला लेकिन मक्का गायब था। जांच के दौरान सनदा पॉइंट पर बिखरा मक्का मिला, जिससे माल उतारे जाने की पुष्टि हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, 90 बैग मक्का बरामद
पुलिस ने पूछताछ के बाद हरीश पिता वाडेसिंह (19 वर्ष) निवासी कासठ तथा कैलाश उर्फ कैला पिता अमीन बघेल (19 वर्ष) निवासी बड़ी मालपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने रितेश, अजीत, रेवा उर्फ रवि सहित वारदात स्वीकार की। अब तक 90 बैग मक्का बरामद किए गए हैं, शेष माल व अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


