रायसेन/खबर डिजिटल/ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विगत दिनों रायसेन के गोहरगंज में हुई एक बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना का संज्ञान लिया और अपनी संवेदनाओं को प्रकट किया। उन्होंने बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने की दृष्टि से आज 10 लाख रुपए का चेक उनके परिवारजनों को दिया है। साथ ही कोई परेशानी होने पर तत्काल सूचना देने को भी कहा।
बेटी को 18 साल बाद मिलेंगे 18 लाख रुपये
यह राशि बेटी के अकाउंट में डिपॉजिट की जाएगी और बेटी के 18 साल के होने पर उसे लगभग 18 लख रुपए की राशि के रूप में मिलेगी । इसी राशि से बेटी की शिक्षा एवं अन्य खर्च भी समय-समय पर बेटी को प्राप्त होते रहेंगे।
शिवराज ने फिर निभाया मामा का फर्ज
शिवराज सिंह चौहान को चिंता थी कि विकट परिस्थितियों में समाज साथ तो रहता है लेकिन कुछ समय पश्चात परिवार अकेला पड़ जाता है । परिवार और बेटी को कोई समस्या न हो, बेटी की शिक्षा एवं अन्य खर्चों का भार परिवार पर न आए , इन सभी विषयों को संज्ञान में लेते हुए और अपनी संवेदनाओं को प्रकट करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बेटी और परिवार की मदद की है।
