मध्य प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में आने वाले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पढ़ाई का स्वरूप बदलने वाला है. अब छात्रों को केवल पारंपरिक विषयों तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उन्हें नई तकनीकों से जुड़ने का भी मौका मिलेगा. उच्च शिक्षा विभाग ने एक अहम कदम उठाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे छात्रों को आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिल सके.
एमपी में अब एआई की होगी पढ़ाई
इस पहल के तहत प्रदेश के 68 सरकारी कॉलेजों में एआई और फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाएंगे. इनमें 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और 13 स्वायत्त महाविद्यालय शामिल हैं. खास बात यह है कि इन कोर्स को प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित किया जाएगा. इससे छात्रों को बेहतर क्वालिटी की पढ़ाई और इंडस्ट्री से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी. विभाग ने इस योजना को लागू करने के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसे नए सत्र से शुरू करने की योजना है.
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि बदलते समय में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है. आज के दौर में स्किल्स और टेक्नोलॉजी की समझ होना बेहद जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए इन कोर्स को डिजाइन किया गया है, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ नई तकनीकी दक्षता भी हासिल कर सकें. एआई और फिनटेक जैसे क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में इनमें रोजगार के बड़े अवसर देखने को मिलेंगे.
इतने बच्चें होंगे प्रशिक्षित
विभाग ने इस वर्ष इन कोर्स के माध्यम से करीब 2000 विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है. पहले चरण में यह लक्ष्य 1000 छात्रों तक सीमित था, लेकिन बढ़ती जरूरत और छात्रों की रुचि को देखते हुए इसे दोगुना कर दिया गया है. इससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस नई पहल का लाभ मिल सकेगा. यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि अलग-अलग विषयों में पढ़ाई कर रहे छात्र भी इन कोर्स में भाग ले सकें. इस योजना का एक बड़ा उद्देश्य यह भी है कि पारंपरिक विषयों की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी रोजगार से जुड़ी स्किल्स दी जा सकें. अक्सर देखा जाता है कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को नौकरी पाने में कठिनाई होती है. ऐसे में यह सर्टिफिकेट कोर्स उनके लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा और उन्हें नौकरी के लिए बेहतर तरीके से तैयार करेगा. उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन के अनुसार, प्रदेश के 68 महाविद्यालयों में एआई और फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीक की समझ और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


