MP Morning News: मध्यप्रदेश में आज कई अहम घटनाक्रम सामने आए हैं, जिनका असर किसानों, छात्रों, कर्मचारियों और आम जनता पर पड़ने वाला है। शिक्षा, प्रशासन, मौसम और आंदोलन से जुड़ी बड़ी खबरें एक साथ सामने आई हैं।
‘स्कूल चलें हम’ अभियान तेज
प्रदेशभर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई है। स्कूलों में छात्रों का स्वागत विशेष कार्यक्रमों के साथ किया जा रहा है।
‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत अधिकारी स्वयं स्कूल पहुंचकर कक्षाएं लेंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। नामांकन बढ़ाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। पहले दिन छात्रों को किताबें वितरित की गईं और विशेष मध्यान्ह भोजन भी कराया गया।
नगर निगम के 32 कर्मचारियों को नोटिस
भोपाल नगर निगम में अनुशासनहीनता पर सख्ती दिखाई गई है। जनगणना बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 32 अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने सभी संबंधितों को 6 अप्रैल तक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
शराब दुकानों की नीलामी में 30% तक छूट
आबकारी विभाग ने 193 शराब दुकानों के लिए नई नीति के तहत ऑफसेट प्राइस में अधिकतम 30% तक की छूट देने का निर्णय लिया है। यह नीलामी 13वें चरण में की जाएगी।
गेहूं खरीदी को लेकर तैयारी तेज
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 10 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी, जबकि अन्य संभागों में 15 अप्रैल से प्रक्रिया शुरू होगी। बारदाने की कमी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने 50 हजार जूट गठानों का अतिरिक्त आवंटन किया है।
45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
7 अप्रैल तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय रहेगा, जिससे कई जिलों में तेज हवाएं और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। किसानों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
TET के खिलाफ शिक्षक आंदोलन
प्रदेश में TET अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों का विरोध तेज हो गया है। करीब 1.5 लाख शिक्षक इस नियम से प्रभावित बताए जा रहे हैं। 8 अप्रैल को डीपीआई कार्यालय के घेराव और 11 अप्रैल को जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
LPG वितरण में गड़बड़ी पर सख्ती
भोपाल में एलपीजी सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने विशेष जांच टीम गठित की है। एसडीएम स्तर के अधिकारी रोजाना स्टॉक, वजन और गुणवत्ता की जांच करेंगे और रिपोर्ट देंगे।


