मध्य प्रदेश में बीजेपी की अहम कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुई. इस बैठक में सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक की अगुवाई राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की.
बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बैठक में निगम मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों, दतिया उपचुनाव की संभावनाओं, राज्यसभा की तीसरी और चौथी सीट को लेकर रणनीति, और सरकार व संगठन के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर मंथन हुआ. इन विषयों को लेकर नेताओं ने अपने-अपने विचार रखे और आगे की रणनीति पर चर्चा की.
निगम मंडलों में नियुक्तियों पर हो रही देरी पर उठ रहे सवाल
निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर हुई बातचीत के दौरान राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का रुख सख्त नजर आया. कुछ नेताओं ने नियुक्तियों में हो रही देरी पर असंतोष भी जताया. इस पर शिवप्रकाश ने साफ शब्दों में कहा कि सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है और संगठन व सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने यह भी बताया कि राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है और संबंधित सूची राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली भेजी जा चुकी है. अगर किसी को कोई सुझाव देना है तो वह प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के माध्यम से रख सकता है. शिवप्रकाश ने नेताओं को यह भी सलाह दी कि आपसी समन्वय बनाए रखना बेहद जरूरी है. साथ ही प्रदेश के राजनीतिक माहौल और कांग्रेस की गतिविधियों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए. बैठक में यह संकेत भी मिला कि पार्टी आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने पर जोर देगी.
बैठक में कौन सब था मौजूद
इस बैठक में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, सांसद वीडी शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय शामिल रहे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके. वहीं जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक के दौरान ही बीच में निकल गए. उनके जाने के बाद नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सबसे अंत में बैठक में पहुंचे.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


