भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं नर्मदापुरम, छतरपुर और उमरिया में अति भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
भारी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जबलपुर, शहडोल, सागर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। कुछ क्षेत्रों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। अगले चार दिनों के दौरान जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में मानसूनी गतिविधियां अधिक प्रभावी रहने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में असर
बारिश का असर कई जिलों में दिखाई देने लगा है। सतना में हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। एक आश्रम परिसर में भी बारिश का पानी पहुंच गया। वहीं खरगोन जिले के गोमगांव में जलाशय के ओवरफ्लो होने के बाद स्पिल-वे के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्रदेश में कुल 37.3 इंच बारिश
आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में अब तक करीब 37.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। जुलाई में प्रदेश में बारिश का सामान्य कोटा पूरा होने के बाद अगस्त में भी कई इलाकों में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। आने वाले दिनों में तेज बारिश के चलते नदी-नालों और जलाशयों के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
