खबर डिजिटल. उमरियापान: नवरात्र पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार रात स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने उमरियापान नगर में पैदल गश्त कर विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला मंचों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीओपी ने विशेष रूप से बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारें बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने सभी आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने की बात कही।


