रायसेन/नसीम अली/खबर डिजिटल/ रायसेन सांची विकासखंड के केमखेड़ी (घोड़ा चौक) क्षेत्र में तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुए के इस हमले में तीन बकरियों की भी मौत हो गई। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है।
तेंदुए ने किया जानलेवा हमला
घायल के भाई के अनुसार, ग्राम केमखेड़ी निवासी पवन लोधी (38) पुत्र मंगीलाल लोधी, जो सुन और बोल नहीं सकता, सुबह अपनी बकरियां चराने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक पवन और उसकी बकरियों पर हमला बोल दिया। पवन ने बकरियों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए ने उसे भी निशाना बना लिया। किसी तरह जान बचाकर पवन भाग निकला और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने कराया भर्ती
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची हमले में घायल पवन को सांची सिविल अस्पताल में इलाज कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, यही तेंदुआ पिछले कुछ सप्ताहों में आसपास के गांवों में कई मवेशियों का शिकार कर चुका है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


